क्षेत्र के करगैना गन्ना क्रय केंद्र पर पर्ची न आने और लेबर द्वारा गन्ना
उतार न करने से नाराज किसानों ने तौल बंद कराकर प्रदर्शन किया। इसको लेकर
काफी देर तक हंगामा होता रहा। सूचना पर पहुंचे मिल के डिप्टी केन मैनेजर
राजीव शर्मा ने किसानों को समझाकर शांत कराया।
एलएच शुगर मिल का गन्ना
क्रेंद क्षेत्र के ग्राम करगैना में लगा है। इससे क्षेत्र के करीब एक दर्जन
से अधिक गांव के किसान जुडे़ हैं। सोमवार को किसानों ने यहां तौल बंद कर
प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि खेतों में अर्ली वैराइटी की पेड़ी
है। जिसकी पर्ची नहीं मिल रही है और जो किसान गन्ना लेकर क्रय केंद्र पर
पहुंच रहे हैं उसे सामान्य व रिजेक्ट बताकर लौटाया जा रहा है।
दूसरी सबसे
बड़ी समस्या परिवहन के कारण आ रही है। किसानों की ट्रालियों को ट्रक आने तक
केंद्र पर रोके रखा जाता है और ट्रक के आने पर ही तौल कर सीधे ट्राली से
ट्रक में लोड किया जा रहा है। इससे किसानों को घंटों क्रय केंद्र पर इंतजार
करना पड़ता है। किसानों से गन्ना उतारने के नाम पर 100 से 150 रुपये तक
वसूले जा रहे हैं। तौल बंद कराने की सूचना सेंटर इंचार्ज आकिल खां ने मिल
प्रबंधन को दी।
जिसपर कुछ समय बाद डिप्टी केन मैनेजर राजीव शर्मा क्रय
केंद्र पहुंचे। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनने के बाद निराकरण का
आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद तौल शुरू हुई।
प्रदर्शन करने वालों में
इकबाल सिंह, असद मलिक, मोहम्मद यामीन, मल्कीत सिंह, गुरदीप सिंह, निशान
सिंह, जोगेंद्र सिंह, हरजिंदर सिंह, जैमल सिंह, बल्देव सिंह, मुख्तर सिंह,
जोधा सिंह, भूपराम, हेमराज, ओमकार, जसमेल सिंह, अमेंद्र सिंह, राजेश कुमार
सहित कई किसान मौजूद रहे।