पीलीभीत। जनपद की 78 न्याय पंचायतों में किसान पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर बृहस्पतिवार से दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम कृषि भवन में शुरू हो गया।
मिलियन फार्मर स्कूल योजना के तहत कृषि भवन में बृहस्पतिवार से शुरू हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम में कृषि विभाग के अलावा गन्ना, रेशम, पशु, मत्स्य, उद्यान आदि विभागों के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें किसानों को खेती किसानी के अलावा पशुओं को पालने का तरीका, देखरेख, गन्ना उत्पादन, रेशम आदि विषयों के बारे में बताया गया। उप कृषि निदेशक यशराज सिंह ने बताया कि मिलियन फार्मर स्कूल को संचालित करने के दौरान सामाजिक दूरी और कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त अधिकारी और कर्मचारी अपने क्षेत्र के किसानों को बेहतर फसल उत्पादन, रोग और बचाव आदि की जानकारी देंगे। साथ ही किसानों से सुझाव भी लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जनपद के कुछ किसान फसलों का बेहतर उत्पादन कर रहे हैं। उनको मॉडल के तौर पर लेकर किसानों को प्रोत्साहित भी किया जाएगा।