पीलीभीत। वाहन से उतरकर मार्ग को पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आने से किच्छा के व्यापारी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। व्यापारी पूरनपुर से मशीनरी का सामान लेकर किच्छा की ओर लौट रहे थे।
हादसा पूरनपुर पीलीभीत हाईवे पर सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार देर रात हुआ। किच्छा निवासी प्रताप सिंह ने बताया कि उनका साला सरवन सिंह (45) पुत्र प्यारा सिंह की उत्तराखंड के किच्छा में ऑटो इलेक्ट्रिकल की दुकान है। रविवार को वह सामान लेने के लिए लोडर वाहन से पूरनपुर आए थे। देर रात सामान लेकर पीलीभीत-पूरनपुर मार्ग से होकर किच्छा के लिए लौट रहे थे।
वाहन चालक चला रहा था। इस दौरान हाईवे पर गजरौला और सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के बार्डर पर पहुंचते ही वह वाहन को रुकवाकर नीचे उतरा। किसी काम के चलते मार्ग को पार करते समय वह अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने पर उसकी मौत हो गई। चालक की सूचना पर सुनगढ़ी पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सोमवार को शव का पोस्टमाॅर्टम हुआ। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडे ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।