काफिले में शामिल अपनी गाड़ी में सवार नवजोत सिंह सिद्धू। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत/ अमररिया। लखीमपुर के तिनुकिया में हुई घटना को लेकर पंजाब के कांग्रेसी नेता नवजोत सिंह सिद्धू का काफिला सीमा से जनपद के अमरिया क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर प्रवेश किया। इसको लेकर पुलिस प्रशासन पहले ही अलर्ट हो गया था। काफिला जिला मुख्यालय होते हुए लखीमपुर के लिए करीब सवा दो बजे जनपद की सीमा से बाहर हो गया।
कांग्रेसी नेता नवजोत सिंह सिद्धू के लखीमपुर जाने की सूचना पर शुक्रवार को अमरिया सितारगंज नेशनल हाईवे पर उत्तराखंड सीमा के पास बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान करीब 12 बजकर 28 मिनट पर सिद्धू की गाड़ियों का काफिला जैसे ही सीमा पर पहुंचा तब वहां मौजूद पुलिस बल ने रोककर नवजोत सिंह सिद्धू के साथ पांच वाहनों को जाने दिया। सिद्धू के साथ चल रहे मीडिया कर्मियों के पांच वाहनों सहित दस कारों को रोक दिया गया। दो मिनट के बाद धीरे धीरे सभी वाहनों को जाने दिया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीओ सदर ललन सिंह, एसओ अमरिया राजेश कुमार व थाना जहानाबाद पुलिस, एसओजी टीम एवं एक बटालियन पीएससी सहित भारी संख्या में पुलिस वल मौजूद रहा।
पूरनपुर। पंजाब के कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू के जिले से निकलने की सूचना पर पुलिस, प्रशासन अलर्ट रहा। असम हाईवे पर जगह-जगह पुलिस को तैनात किया गया। सीओ वीरेंद्र विक्रम और कोतवाल रामसेवक ने कोतवाली की सीमा से उनको रिसीव कर शाहजहांपुर के बॉर्डर पर छोड़ा। असम हाईवे से सिद्धू के निकलने की भनक पर कुछ लोग उनको देखने को एकत्र भी हुए। मगर उनका काफिला तेजी से लखीमपुर की ओर रवाना हो गया।