पहली अप्रैल से लागू हो रहे खाद्य सुरक्षा बिल के लिए आवेदन पत्र भरे जा रहे हैं। इसको लेकर डीएसओ रमन मिश्रा ने ग्राम पंचायत अधिकारियों की बैठक लेकर फार्म भरने के तरीके बताए और समस्याओं का समाधान किया।
जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में हुई बैठक में उन्होंने कहा कि सभी ग्राम पंचायत एवं नगर पंचायतों को सूचियों उपलब्ध करा दी गई हैं। जिन लोगों के नाम इन सूचियों में नहीं है ऑनलाइन अथवा ग्राम पंचायत, पालिका सदस्य से मिलकर फार्म प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया फार्म नि:शुल्क दिए जा रहे हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए कंप्यूटर सेंटरों पर अधिकतम 10 रुपये लिए जाने का प्राविधान है। उन्होंने बताया कि यदि फार्म भरवाने के नाम पर किसी से वसूली की जा रही है तो उन्हें इसकी सूचना दे सकता है। डीएसओ ने बताया कि उपभोक्ता मोबाइल के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, लेकिन एक मोबाइल नंबर से एक ही आवेदन किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि परिवार की मुखिया महिला होगी और यदि महिला मुखिया के नाम बैंक खाता नहीं है तो परिवार में किसी अन्य का बैंक खाता फार्म में भरा जा सकता है।