पूरनपुर। कारगिल शहीद हवलदार सुनेंद्र सिंह लवाणा की याद में बनाई गई स्मृति वाटिका में पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य लोगों ने श्रद्धांजलि दी। इसके बाद शहीद की याद में पौधरोपण किया गया। लोगों ने ‘जब तक सूरज-चांद रहेगा, शहीद सुनेंद्र सिंह का नाम रहेगा’ के नारे लगाए। डीएम ने वीडियो कॉल के माध्यम से कारगिल शहीद के देश हित में किए गए कार्यों का स्मरण किया। और शहीद के परिवार वालों का हाल चाल भी जाना।
गांव हरीपुर निवासी सुरेंद्र सिंह लवाणा कारगिल युद्ध में पाकिस्तान समर्थित आतंकियों और वहां की सेना को ऊंची पहाड़ियों पर खदेड़ते हुए शहीद हो गए थे। उनकी याद में नगर के प्रवेश द्वार पर स्मृति वाटिका बनाई गई। कारगिल शहीद दिवस पर इस स्मृति वाटिका का सौंदर्यीकरण किया गया। रविवार को स्मृति वाटिका में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। डीएम ने वीडियो कॉल कर कारगिल शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीद के परिवार से बात की। इस मौके पर तहसीलदार विजय त्रिवेदी, खंड विकास अधिकारी नीरज दुबे, नायब तहसीलदार अनुराग सिंह, नगरपालिका ईओ आरके भार्गव, वन्य जीव प्रभाग के रेंजर मोहम्मद अयूब हसन, प्रधानपति रामनिवास, सोनू छीना, ग्राम पंचायत सचिव विजय कुमार आदि ने मोमबत्ती जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। स्मृति वाटिका में रुद्राक्ष, आम आदि प्रजातियों के पौधे लगाए गए।