पीलीभीत। कई मांगों को लेकर संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ ने कलक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इसके बाद मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को दिया।
संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ कई साल से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत कर्मचारियों की वेतन विसंगति दूर करने और रिक्त पारस्परिक स्थानांतरण के लाभ की मांग शासन से लगातार करता आ रहा है। अब तक उनकी मांगों पर अब तक कोई ध्यान नहीं दिया गया है। इन मांगों को लेकर संघ के कार्यकर्ता बुधवार को नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन 2005 से संचालित हो रहा है। वर्तमान में इसमें लगभग 1.35 लाख संविदा कर्मचारी तैनात हैं, जिनको कोई लाभ नहीं मिल पा रहा। ज्ञापन में वेतन विसंगति दूर करने और स्थानांतरण नीति का लाभ दिलाने की मांग की गई है।
इसके अलावा अन्य मांगों को भी रखा गया है। पदाधिकारियों ने इन मांगों को जल्द पूरा कराए जाने की मांग की है। चेतावनी दी है यदि 14 जुलाई तक विभाग द्वारा कोई निर्णय नहीं लिया जाता है तो 15 जुलाई को लखनऊ में इकट्ठा होकर मुख्यमंत्री आवास पर ज्ञापन देंगे। इस दौरान जिला संयोजक शेर सिंह चौहान, ब्रजेश कैम, डॉ देवेश गिरी, अमरेश कुमार, अमित कुमार आदि मौजूद रहे।