पूरनपुर। जेसीबी चालक का शव गांव के बाहर उसके खेत में खड़े आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। इकलौते पुत्र की मौत उसके परिजन में कोहराम मच गया।
घटना हजारा थाना क्षेत्र के गांव नहरोसा के समीप की है। नहरोसा निवासी रामकिशन का पुत्र पवन कुमार (23) नेपाल में रहकर जेबीसी चलाता था। शनिवार शाम को पवन नेपाल से वापस घर लौटा था। कुछ देर बाद घर से गांव घूमने की जानकारी देकर निकल गया। इसके बाद घर नहीं लौटा। रविवार सुबह पत्नी के साथ खेत में पहुंचे रामकिशन को पुत्र का शव आम के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी से लटका मिला।
इसकी जानकारी पर गांव के तमाम लोग एकत्र हुए। सूचना पर हजारा एसएचओ राजीव शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पवन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पवन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी तीन बहनें है। इकलौते पुत्र की मौत पर उसके परिजन में कोहराम मच गया।