शनिवार की रात एसपी बंगले के सामने टनकपुर हाइवे पर गन्ने से भरा ओवरलोड ट्रक एक्सल टूटने से पलट गया, जिससे हाइवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर पहुंची यातायात पुलिस ने क्रेन मंगवाकर सड़क पर पड़े गन्ने और ट्रक को हटवाया। तब जाकर कहीं दो घंटे बाद जाम खुल सका।
हादसा शनिवार की रात करीब 10 बजे हुआ। न्यूरिया की ओर से गन्ना भरकर आ रहे ट्रक का एसपी बंगले के सामने एक्सल टूट गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर हाइवे पर पलट गया। गनीमत यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। जरा सी देर में हाइवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर टीएसआई मनोज कुमार बिरला मौके पर पहुंच गए और क्रेन मंगवाकर हाइवे से गन्ना हटवाकर ट्रक को किनारे कराया। तब जाकर करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका। जाम में रोडवेज बसों सहित कई वाहन फंस गए। जिससे यात्रियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।