पूरनपुर। विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी करने वाले आइलेट संचालकों के खिलाफ दर्ज रिपोर्ट की विवेचना गठित की गई विशेष सेल को ट्रांसफर कर दी गई है। ठगों के खिलाफ अब तक दर्ज 112 रिपोर्ट की विवेचना एसआईटी करेगी।
जिले में फर्जी अभिलेखों, वीजा और विदेश भेजने के नाम पर ठगी के मामले सामने आने पर एसपी ने 24 फरवरी को कोतवाली में जनसुनवाई शिविर लगाया था। शिविर में 250 शिकायतें आईं। परीक्षण के बाद 88 मुकदमे दर्ज करने के आदेश एसपी ने दिए। इसके अलावा 24 अन्य मुकदमे दर्ज किए गए।
शिकायतें आने का क्रम अब भी जारी है। पुलिस रिपोर्ट भी दर्ज कर रही है। दर्ज मुकदमों की प्रभावी पैरवी, जांच और कार्रवाई के लिए एसपी ने विशेष सेल का गठन तीन दिन पहले किया था। जिले में दर्ज किए गए 112 मुकदमों की विवेचना विशेष सेल को ट्रांसफर कर दी गई है।
ट्रांसफर हुए यह मुकदमे
पूरनपुर कोतवाली में दर्ज 77, पीलीभीत कोतवाली के दो, सुनगढ़ी के दो, न्यूरिया के पांच, अमरिया के पांच, बिलसंडा का एक मुकदमा ट्रांसफर किया गया है।इसके अलावा माधोटांडा के 12, घुंघचाई के चार मुकदमो को विवेचना के लिए एसआईटी को ट्रांसफर किया गया है।