पीलीभीत के अमरिया थाना क्षेत्र की एक युवती ने बीसलपुर निवासी युवक और उसके परिवार के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का आरोप है कि युवक ने इंस्टाग्राम के जरिये दोस्ती करने के बाद नशीला पदार्थ पिलाकर उससे दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार उसका यौन शोषण किया। इस दौरान दो बार गर्भवती होने पर उसका गर्भपात भी करा दिया गया। शादी की बात कहने पर आरोपी और उसके परिजनों ने निकाह के लिए पहले धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवती ने अमरिया पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब चार साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी दोस्ती राजा मिर्जा उर्फ सलीम से हुई थी। आरोप है कि दो अप्रैल 2022 को युवक ने उसे मिलने के लिए बीसलपुर में अपने दोस्त के यहां बुलाया। वहां चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। उसने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया और शादी करने का झांसा दिया।
यह भी पढ़ें-
इश्क में बदला धर्म: बरेली में नरगिस बनी इच्छा देवी, अगस्त्य मुनि आश्रम में प्रेमी आकाश के साथ लिए सात फेरे
दो बार कराया गर्भपात
युवती के मुताबिक, आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अपने घर और परिचित के यहां बुलाकर उसका यौन शोषण करता रहा। इससे वह जून 2023 में गर्भवती हो गई। आरोप है कि युवक के पिता रियासत बेग, मां निशात और चाची मुन्नी ने बीसलपुर ले जाकर उसका तीन माह का गर्भपात करा दिया। इसके बाद भी शादी का आश्वासन देकर उसका शोषण जारी रखा गया। दिसंबर 2024 में दोबारा गर्भवती होने पर मई 2025 में छह माह के जुड़वा बच्चों का गर्भपात कराने का आरोप लगाया है।
युवती का कहना है कि शादी के लिए दबाव बनाने पर युवक के परिजनों और बहनों ने पहले धर्म परिवर्तन करने की शर्त रखी। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी राजा मिर्जा, रियासत बेग, निशात, मुन्नी, सना मिर्जा, सफा मिर्जा, बुशरा मिर्जा निवासी बीसलपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह को सौंपी है। मामले में गंभीरता से कार्रवाई कराई जा रही है।