नगर पालिका कर्मचारियों और सफाई कर्मचारियों में पिछले दिनों हुई मारपीट
के मामले में गुरुवार से सफाई कर्मचारी बेमियादी हड़ताल पर चले गए।
कर्मचारियों ने नगर पालिका कार्यालय गेट पर धरना देकर सभा भी की। हड़ताली
कर्मचारी चेयरमैन के खिलाफ दलित उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराकर गिरफ्तारी
कराने, सफाई कर्मियों के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज न हो, नगर पालिका
कर्मचारी दिनेश और अमित के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराने, हटाए गए
ठेका के दोनों कर्मचारियों को काम पर वापस लेने की मांग कर रहे हैं। ईओ ने
कर्मचारियों से वार्ता भी की, लेकिन कर्मचारी चेयरमैन के धरना स्थल पर आने
की मांग पर अड़े रहे। इसको लेकर वार्ता बेनतीजा रही।
दो ठेका सफाई
कर्मचारियों को हटाने के विरोध में पांच जुलाई को कोतवाली पहुंचे सफाई
कर्मचारियों और नगर पालिका कर्मचारियों में मारपीट हुई थी। दोनों ओर से
पुलिस को तहरीर दी गई। सफाई कर्मियों ने आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ
रिपोर्ट दर्ज न होने और अन्य समस्याओं का समाधान न होने पर नौ जुलाई से
बेमियादी हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी थी। गुरुवार को सफाई कर्मचारियों
ने बेमियादी हड़ताल शुरू कर नगर पालिका गेट पर धरना शुरू कर दिया। धरना
स्थल पर हुई सभा में कहा गया कि लोगों की गंदगी को साफ करने के बाद भी
उनका उत्पीडन किया जा रहा है। इसे किसी कीमत पर बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
कर्मचारियों का आरोप है कि उन लोगों से भेदभाव कर सफाई कर्मी के पदों पर
तैनात अन्य जातियों के नौ लोगों से सफाई का काम नहीं लिया जा रहा है।
कर्मचारियों की ईओ से इंस्पेक्टर शक्ति सिंह की मौजूदगी में वार्ता हुई। ईओ
सुरेंद्र कुमार ने हटाए गए ठेका कर्मचारियों को फिर से रखने सहित अन्य
समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन हड़ताली कर्मचारियों का कहना था
कि चेयरमैन ने उनके साथियों से अभद्रता की है, जब तक चेयरमैन धरना स्थल
नहीं आते तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
0000
सफाई कर्मचारियों की शुरू
हुई बेमियादी हड़ताल की जानकारी चेयरमैन को दे दी गई है। वे बाहर होने के
चलते गुरुवार को धरना स्थल पर नहीं पहुंच सके। चेयरमैन ने शुक्रवार को धरना
स्थल पहुंचने की जानकारी दी है।
सुरेंद्र कुमार, ईओ।
0000
अभद्रता
का आरोप निराधार है। जिन सफाई कर्मचारियों को हटाया गया था, वे नगर पालिका
के कर्मचारी नहीं हैं। जब अभद्रता की ही नहीं, तब धरना स्थल पर पहुंचने का
सवाल ही नहीं है।
- प्रदीप जायसवाल लल्लन, चेयरमैन।
00000
बरसात,
भीषण गर्मी में गंदगी से संक्रामक रोग फैलने की आशंका बढ़ जाती है। सफाई
प्रतिदिन आवश्यक है। जो भी विवाद हो अफसरों को बैठकर निपटाना चाहिए, ताकि
नगर को गंदगी से बचाया जा सके। सफाई कर्मचारियों की शीघ्र हड़ताल समाप्त न
होने पर व्यापारियों की शीघ्र बैठक बुलाई जाएगी।
हंसराज गुलाटी, प्रांतीय उपाध्यक्ष, उद्योग व्यापार मंडल।
0000
ईद तक हड़ताल टालने को जुटे रहे नेता
रमजान
के महीने मेें सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर व्यापारी नेता हाजी
लाडले, नगर पालिका सदस्य तौफीक अहमद कादरी, नादिर रजा बरकाती आदि हड़ताल को
समाप्त कराने के प्रयास में जुटे रहे। नेताओं और व्यापारियों ने ईओ के
अलावा सफाई कर्मचारियों से भी वार्ता की, लेकिन सफाई कर्मचारी नहीं माने।
---