पूरनपुर क्षेत्र के गांव राहुल नगर में भूख हड़ताल पर बैठे लोग।स्रोत: प्रदर्शनकारी
पूरनपुर। धनाराघाट से खिरकिया बरगदिया तक पक्का तटबंध बनाने सहित तीन मांगों को लेकर भाकपा (माले) की गांव राहुलनगर में चल रही बेमियादी क्रमिक भूख हड़ताल मंगलवार को 18वें दिन भी जारी रही। धरना स्थल पर हुई सभा में समस्याओं का समाधान न होने पर रोष व्यक्त किया गया। तय हुआ कि मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रहेगा। 13 नवंबर को तहसील मुख्यालय पर भी धरना प्रदर्शन होगा।
मंगलवार को बेमियादी क्रमिक भूख हड़ताल पर धनंजय, दशरथ, अतहर, राजू, सुनील, दीपक, शिवनारायण, आमीन, छब्बू बैठे। धरनास्थल पर हुई सभा में भाकपा माले नेता देवाशीष राय ने कहा कि क्षेत्र को बाढ़, कटान से बचाने और जिन बाढ़ पीड़ितों का नुकसान हुआ उनको मुआवजा दिलाने की मांंग को लेकर हो रहे धरना प्रदर्शन में अब तक कोई जनप्रतिनिधि, अफसर उनकी बात सुनने तक नहीं आया।
बाढ़, कटान से बचाने का आश्वासन देकर वोट लेने वाले जनप्रतिनिधि भी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है। इसको लेकर 13 नवंबर को तहसील मुख्यालय पर भी विशाल-धरना प्रदर्शन होगा। संवाद