पीलीभीत। सोशल मीडिया पर मुस्लिम युवक ने अपने ही समुदाय के दूसरे मसलक के धर्मगुरु पर अभद्र टिप्पणी कर दी। लोगों में आक्रोश फैल गया। तमाम लोग आरोपी की कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मोहल्ले में एहतियातन पुलिस को तैनात कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शेर मोहम्मद खां निवासी साजिद वली खां ने अपने व्हाट्सएप पर मुस्लिम समुदाय के ही एक धर्मगुरु के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इससे धर्मगुरू के मुरीदों में आक्रोश फैल गया। तमाम लोग आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली पहुंच गए। कोतवाली पुलिस ने मोहल्ला शेर मोहम्मद निवासी मशकूर हसन खां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसमें कहा कि आरोपी उनके धर्मगुरुओं से संबंधित आपत्तिजनक टिप्पणी करता है। 20 जून को भी आरोपी ने अभद्र टिप्पणी की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर साजिद वली खां के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शहर कोतवाल हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।