बरखेड़ा/ न्यूरिया। मनरेगा से बरखेड़ा के गांव लखनऊ कलां में बनाए गए अन्नपूर्णा भवन (मॉडल उचित दर की दुकान) का शनिवार को मुख्यमंत्री ने वर्चुअल और विधायक प्रतिनिधि अशोक गुप्ता व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कमलेश गंगवार ने फीता काटकर लोकार्पण किया। ग्रामीणों ने भवन में लगी एलईडी पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।
लोकार्पण कार्यक्रम में प्रमुख प्रतिनिधि कमलेश गंगवार ने बताया कि इसके अलावा आठ और अन्नपूर्णा भवन ब्लॉक क्षेत्र में बन रहे हैं। सभी भवन एक महीने में बनकर तैयार हो जाएंगे। विधायक प्रतिनिधि अशोक गुप्ता ने ग्रामीणों को बताया कि अन्नपूर्णा भवन में अभी अनाज, चीनी, बाजरा मिल रहा है। आगे चलकर दैनिक उपयोग की वस्तुओं को धीरे-धीरे जोड़ा जाएगा।
वहीं न्यूरिया क्षेत्र में मरौरी ब्लॉक के पंडरी में बने अन्नपूर्णा भवन का लोकार्पण भी शनिवार को हुआ। कार्यक्रम में जन प्रतिनिधि नहीं पहुंचे। पंचायत सचिव और खाद्य रसद विभाग ने सभी व्यवस्थाएं कीं।
-
इन गांवों में निर्माणाधीन हैं अन्नपूर्णा भवन
एपीओ अनवर मलिक ने बताया कि ब्लॉक बरखेड़ा के ग्राम पृथ्वीपुर, जिओरहा कल्यानपुर, पचपेड़ा शाहपुरा, नवादा महेश, परेवा अनूप, अधकटा, पैनिया हिम्मत व आमखेड़ा में अन्नपूर्णा भवन निर्माणाधीन हैं। यह एक माह में तैयार हो जाएंगे। इस मौके पर माखन लाल वर्मा, छोटेलाल मौर्य, सचिव राजकुमार आदि मौजूद रहे।