बीसलपुर। गांव पुरैनिया रामगुलाम में घरेलू विवाद के बाद पुत्र ने सरिया से प्रहार कर अपने पिता की हत्या कर दी। पुलिस के पहुंचने से पूर्व आरोपी फरार हो गया। सीओ समेत फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
घटना बीसलपुर क्षेत्र के गांव पुरैनिया रामगुलाम में मंगलवार रात करीब आठ बजे की है। गांव निवासी भूपराम ने बताया कि उसका भाई विशाल मंगलवार की देर शाम अपनी गर्भवती पत्नी सविता को बेवजह पीट रहा था। सविता ने इसकी शिकायत घर के बाहर बैठे अपने ससुर 40 वर्षीय हरीश कुमार से की।
बीच बचाव करने पहुंचे ससुर ने विशाल से विरोध जताया तो उसने पिता के सिर पर सरिया से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हरीश की मौत हो गई। यह देख विशाल भाग गया। परिजन आनन-फानन में हरीश को लेकर सीएचसी बीसलपुर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएचसी की ओर से मेमो कोतवाली भेजा गया। पता चलते ही कोतवाली पुलिस गांव पहुंची और जांच पड़ताल की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। सीओ प्रतीक दहिया के अलावा फील्ड यूनिट की टीम ने भी मौके पर पहुंचे जांच पड़ताल की। सीओ ने बताया कि किसी विवाद को लेकर पुत्र ने अपने पिता पर सरिया से हमला कर दिया। इसमें ग्रामीण की मौत हो गई। मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी फरार है, उसकी तलाश में टीमें लगाई गई हैं।