बरखेड़ा। गाजीपुर मुगल गांव में देवहा नदी से सटे खेत में जेसीबी मशीन की मदद से भट्ठा मालिक ने अनाधिकृत तरीके से खनन निकासी शुरू कर दी। शिकायत मिलने पर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा तो खनन करते लोग वाहन लेकर भाग खड़े हुए और इससे कई किसानों की करीब 20 बीघा गन्ने की फसल नष्ट हो गई। मौके से तीन ट्रैक्टर ट्रॉली कब्जे में ली गई हैं। ग्रामीणों ने फसल के नुकसान को लेकर भट्ठा मालिक के विरुद्ध नामजद तहरीर दी है।
लॉकडाउन में पुलिस-प्रशासन की व्यस्तता का फायदा उठाते हुए क्षेत्र के एक भट्ठा मालिक ने गाजीपुर मुगल गांव में जागन लाल और सुरेंद्र लाल के खेत में अवैध रूप से खनन निकासी शुरू करा दी। मंगलवार रात जेसीबी और ट्रैक्टर ट्रॉली ले जाकर खनन किया जा रहा था। रात करीब 10 बजे इसकी शिकायत मिलने पर जिरौनिया चौकी प्रभारी जगदीश चंद्र जोशी, लेखपाल राजेंद्र यादव ने छापा मारा। पुलिस और राजस्व टीम के पहुंचते ही भगदड़ मच गई। खनन करने वालों ने अपने वाहनों की लाइटें बंद कर दी और वाहन इधर-उधर दौड़ाने लगे। इसमें किसानों की गन्ने की फसल भी नष्ट हो गई। गांव के संजीव कुमार, सर्वेश कुमार, मुकेश कुमार, सुरेंद्र पाल, इंद्रजीत, सुरेंद्र, मेवाराम, रमेश चंद्र, रोशन लाल, कोमिल प्रसाद, लाला राम समेत कई किसानों ने बताया कि करीब 20 बीघा गन्ना नष्ट हो गया। गांव के बाहर से पुलिस ने तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियां बरामद कर लीं जबकि चालक और अन्य लोग भाग गए। बुधवार सुबह कई ग्रामीणों ने फसल के नुकसान पर क्षतिपूर्ति देने और भट्ठा मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर उमेश सिंह सोलंकी ने बताया कि अवैध खनन निकासी में तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियां सीज की गई हैं। इस पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार करके खनन अधिकारी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को भेजी जा रही है। आगे की कार्रवाई उन्हीं के स्तर से होगी।