शहर की ललित हरि चीनी मिल पर किसानों के बकाया 3053.27 लाख रुपये अंतर गन्ना मूल्य का भुगतान न होने पर भाकियू ने आक्रोश व्यक्त किया है। जिलाध्यक्ष सतविंदर सिंह कहलो की अध्यक्षता में मंडी समिति परिसर में हुई पंचायत के बाद पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को ज्ञापन दिया। इसमें बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की मांग की गई। भुगतान न होने पर दस अगस्त से मिल पर धरने की भी चेतावनी दी गई है।
पंचायत में भाकियू जिलाध्यक्ष सतविंदर सिंह कहलो ने कहा कि संबंधित चीनी मिल का प्रबंधन, सरकार को दी गई बिजली की बकाया रकम न मिलने का बहाना बनाकर किसानों को अंतर गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं कर रहा है। उन्होंने मिल के एचआर हेड के उस बयान की भी निंदा की, जिसमें कहा गया है कि भुगतान मिल की वजह से नहीं शासन से दी गई बिजली के एवज में धन न मिलने के कारण लटका है। उन्होंने कहा कि बिजली बेचना मिल का अतिरिक्त कारोबार है। किसानों से इसका कोई सरोकार नहीं है। लिहाजा किसानों द्वारा आपूर्ति किए गए गन्ने का भुगतान मिल को हर हाल में कर देना चाहिए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि चीनी मिल ने नौ अगस्त तक यदि गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं किया तो 10 अगस्त से भाकियू चीनी मिल पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन कर चीनी मिल पर तालाबंदी करेगी। पंचायत में मंडल उपाध्यक्ष प्रकाश शर्मा, वेदपाल शर्मा, रामसनेही लाल, वीरेंद्र कुमार, दुर्गा प्रसाद, झम्मन लाल, सतीश कुमार, जसवीर सिंह, कुंदनलाल, कपिलदेव आदि ने भी विचार व्यक्त किए। बाद में कलेक्ट्रेट पहुंचकर भाकियू ने इस आशय का ज्ञापन जिलाधिकारी मासूम अली सरवर को देते हुए उनसे मिल पर बकाया गन्ना भुगतान दिलाने की मांग की।