एक घंटे की आंधी-बारिश ने बिगाड़ी व्यवस्था
हाइवे पर गिरे पेड़, अमरिया अड्डे पर पोल टूटा, लाइनें क्षतिग्रस्त
उमस भरी गर्मी के बाद अचानक आंधी के साथ हुई तेज बरसात ने शहर की बिजली व्यवस्था को अस्त व्यस्त कर दिया। अमरिया बस अड्डे पर विद्युत पोल टूट कर गिरने से लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई। इससे आधे शहर में मंगलवार रात से शुरू हुआ ब्लैक आउट बुधवार देर शाम तक जारी रहा। भीषण गर्मी में लोग पीने के पानी तक को तरस गए। दूसरे दिन विभागीय अफसरों की देखरेख में बिजली व्यवस्था में सुधार कार्य शुरू करा दिया गया है। देर शाम तक सप्लाई सुचारु होने की संभावना जताई जा रही है।
मंगलवार को पूरे दिन गर्मी से लोगों का बुरा हाल था। देर रात अचानक मौसम ने अपना रूख बदला और तेज आंधी-शुरू हो गई। कुछ ही देर में बरसात भी होने लगी। करीब एक घंटे तक आंधी-बारिश में अमरिया बस अड्डे के पास एक विद्युत पोल आंधी में टूटकर गिर गया। जिससे बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई और आधा शहर अंधेरे में डूब गया। उधर आवास विकास स्थित गैस एजेंसी के निकट पेड़ के सहारे गुजरी बिजली लाइन को अभी तक न हटाने से एक बार फिर हादसा होते बच गया। मोहल्ले के लोगों को कहना है कि अक्सर हवा चलने पर पेड़ में बंधे तारों के आपस में टकराने से कई बार हादसे होते-होते बच गए हैं। अक्सर बिजली सप्लाई ठप रहती है। कई बार एसडीओ को इसकी जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन वह इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। मोहल्ले के लोगों ने इसकी जानकारी रात में ही अधिकारियों को दे दी थी, लेकिन एसडीओ टाउन दीपक नेगी टीम के साथ मौके पर सुबह पहुंच सके। टूटे विद्युत पोल और लाइनों का सुधार कराने के लिए कर्मचारियों को लगा दिया। नकटादाना उपकेंद्र से जुड़े समस्त छह फीडरों को बंद रखा गया। देर शाम तक विद्युत पोल और क्षतिग्रस्त लाइनों का सुधार कार्य कराया जाता रहा।
इन इलाकों में दिनभर गुल रही बिजली
आंधी-बरसात के बाद बिजली के टूटे खंभे को सुधारने का काम किया जा रहा है। जिसके चलते देर रात से लेकर बुधवार को पूरे दिन मुख्यत: पुलिस लाइन, निरंजनकुंज कालोनी, काशीराम कालोनी, आवास विकास, शेर मोहम्मद, खुदागंज, भूरे खां समेत डेढ़ दर्जन मोहल्लों में बिजली सप्लाई ठप रही।
नगर पालिका की पेयजल आपूर्ति भी ठप
बिजली के साथ ही लोगों के सामने पानी की भी भीषण समस्या रही। विद्युत आपूर्ति ठप होने पर नगर पालिका द्वारा पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं कराई जा सकी। बिजली न होने के कारण नलकूप नहीं चल सके। हालांकि विभागीय अधिकारी आपूर्ति सुचारू होने की बात कह रहे है। जलकल विभाग के जेई सोमप्रकाश ने बताया कि पेयजल आपूर्ति पर बिजली का असर नहीं पडने दिया गया है। जनरेटर चलाकर पेयजल आपूर्ति कराने का प्रयास किया गया।
आंधी-बारिश से वैसे तो कहीं कोई खास दिक्कत सामने नहीं आई है। सिर्फ एक विद्युत पोल टूटने से आधे शहर की सप्लाई बाधित रही। टीम मौके पर काम कर रही है, देर शाम तक सप्लाई सुचारू करा दी जाएगी।
दीपक नेगी, एसडीओ टाउन