बारिश और ओलावृष्टि से बर्बाद हुए किसानों के लिए अब कृषि विभाग छूट पर
संकर धान का बीज उपलब्ध करा रहा है। इसके लिए किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण
किया जा रहा है। 26 अप्रैल तक पंजीकरण कराने वाले किसानों को ही इसका लाभ
मिलेगा।
गेहूं की कटाई के बाद धान की बुवाई करने की तैयारी कर रहे
किसानों के लिए अच्छी खबर है। किसानों को कृषि विभाग की ओर से संकर बीज
मुहैया कराया जा रहा है जिसपर छूट दी जाएगी। यह छूट सीधे किसानों के बैंक
खातों में जाएगी। योजना के लाभ लेने वाले इच्छ़ुक किसानों का कृषि विभाग
में ऑन लाइन पंजीकरण किया जा रहा है। 16 अप्रैल से चल रहा पंजीकरण 26
अप्रैल तक चलेगा।
26 तक पंजीकरण कराने वाले किसानों की सूची तैयार कर 29
अप्रैल को ब्लाक स्तर पर कृषि कार्यालयों में लगा दी जाएगी और धान का बीज
उपलब्ध होने पर लक्ष्य के अनुसार वरीयता क्रम में किसानों को इसे वितरित
किया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश मिश्रा ने बताया कि धान बीज का
वितरण 15 मई से 21 मई तक ब्लाक स्तर पर होगा।
इसमें किसान को धान बीज की
पूरी कीमत जमा करनी होगी। शासन से प्राप्त अनुदान की धनराशि सीधे खातों में
भेजी जाएगी। जिले में फिलहाल 500 क्विंटल बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है।
00000000
कृषि विभाग से किसानों को अनुदान पर संकर धान का बीज उपलब्ध कराने को पंजीकरण चल रहा है। 26 तक पंजीकरण कराकर किसान लाभ ले सकते हैं।
एके सिंह, उपनिदेशक कृषि