125 बीघा में खड़ी गेहूं की फसल जलकर नष्ट
हाईटेंशन लाइन के तारों में हुई स्पार्किंग से खेतों में आग लग गई। इससे करीब 125 बीघा मेें खड़ी गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
थाना क्षेत्र के गांव तिरकुनिया नसीर में मझोला की ओर से आई 33 हजार केवीए की विद्युत लाइन खेतों के ऊपर से गुजर रही है। सोमवार को दोपहर के समय गांव निवासी बेला सिंह के खेत में खड़े खंभे पर हुई स्पार्किंग से उनके खेत में आग लग गई। गेहूं की तैयार खड़ी फसल में लगी आग कुछ ही देर में दूसरे खेतों में फैल गई। खेतों में आग लगी देख सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और ट्यूबबैल व अन्य साधनों से आग पर काबू पाया। जानकारी होने पर फायर बिग्रेड भी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आग पर नियंत्रण पा लिया गया था। इस अग्निकांड मेें तिरकुनिया नसीर और नूरपुर के किसानों का लगभग 125 बीघा गेहूं जलकर नष्ट हो गया। इसमें बेला सिंह और उनके भाई महेंद्र सिंह का 24-24 बीघा, मोहम्मद अकरम का 10 बीघा, जलालुद्दीन का आठ बीघा जबकि अनीसुद्दीन, रियासत अली, नसीरवेग, इफ्तिखार, मुख्त्यार सिंह, दलीप सिंह, मंजूर अहमद, मुख्त्यार अहमद, फतेहचंद्र व वचन सिंह आदि का 4-4 बीघा गेहूं जल गया। ग्रामीणों का कहना है कि तेज हवा के बाद भी आग पर समय रहते काबू पा लिया गया अन्यथा नुकसान और बढ़ सकता था। इस बावत जानकारी करने पर तहसीलदार सदर इंद्राकांत द्विवेदी ने बताया कि नुकसान का जायजा लेने क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजा गया है।