घुंघचाई। गैस सिलिंडर फटने से लगी आग में झुलसे होटल संचालक की बरेली में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसके पुत्र की हालत अब भी गंभीर है। इस हादसे में नौ लोग झुलस गए थे।
कस्बा घुंघचाई निवासी वीरेंद्र श्रीवास्तव उर्फ लल्ला का घुंघचाई बस अड्डे पर होटल है। छह मई को दोपहर में होटल में रखा गैस सिलिंडर फट गया था, जिससे आग लग गई थी। पड़ोस में स्थित अरविंद कुमार का खोखा और एक किराने की दुकान जल गई थी। बाद में मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया था।
अग्निकांड में घुंघचाई निवासी होटल संचालक वीरेंद्र श्रीवास्तव व उनका पुत्र दुर्वेश कुमार, थाने का फॉलोअर विजयपाल, अजय सागर, विजय कुमार, हीरा लाल, अमित सहित नौ लोग झुलस गए थे। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया था। जहां हालत गंभीर होने पर होटल संचालक वीरेंद्र श्रीवास्तव व उसके पुत्र को बरेली रेफर किया गया था।
17 दिन चले उपचार के बाद बृहस्पतिवार को होटल संचालक वीरेंद्र श्रीवास्तव की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। मृतक के चार पुत्र व दो पुत्रियां है। संवाद