पूरनपुर में तहसीलदार को ज्ञापन सौपते भाकियू कार्यकर्ता।स्रोत:कार्यकर्ता
पूरनपुर। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी गुट) ने पिछले तीन साल से गन्ना मूल्य में वृद्धि न होने के विरोध में तहसील परिसर में प्रदर्शन कर गन्ने की होली जलाई। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
ज्ञापन में गन्ना मूल्य बढ़वाने के साथ ही एसडीएम पर तमाम आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। 15 मार्च तक समस्याओं का समाधान न होने पर 17 मार्च को प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी गई।
जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह कहलो के नेतृत्व में तहसील पहुंचे कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले पंचायत की। इस दौरान किसानों की समस्याओं पर रोष व्यक्त किया गया। साथ ही तीन साल से गन्ना मूल्य न बढ़ने पर नाराजगी व्यक्त की गई। पंचायत के बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने गन्ने की होली जलाई।
इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार हसीबउर रहमान को सौंपा। ज्ञापन में गन्ना मूल्य साढ़े चार सौ रुपये प्रति क्विंटल कराने, एसडीएम पर किसानों से अभद्रता करने, किसानों की लंबित समस्याओं का निराकरण न कराने आदि मुद्दे उठाए गए। इस दौरान जोगा सिंह, जगविंदर सिंह, बलराम सिंह, रंजीत सिंह, रेशम सिंह, कारज सिंह, सुखदीप सिंह आदि किसान मौजूद रहे।