शेरपुरकलां में करीब 40 लोगों ने बिजली हाईटेंशन लाइन के नीचे घर बनवा लिए हैं। जेई महेंद्र्र कुमार ने निरीक्षण कर इसकी रिपोर्ट एसडीओ को सौंपी है। एसडीओ ने हाईटेंशन लाइन के नीचे घर बनाकर रहने वाले ऐसे लोगों को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि बगैर पूर्व सूचना और अनुमति के अवैधानिक निर्माण करा लिया है, जो भारतीय विद्युत नियमावली के तहत गलत है। इससे विद्युत दुर्घटना की पूर्ण संभावना है। नोटिस में नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। साथ ही नोटिस प्राप्ति के बाद निर्माण कार्य बंद कराने, अपने खर्च पर लाइन को हटवाने को पखवाड़ा भर में आवेदन करने अन्यथा अनाधिकृत निर्माण से होने वाली किसी भी विद्युत घटना का स्वयं जिम्मेदार होने की चेतावनी दी गई है।
उप खंड अधिकारी (बिजली) सौरभ भारद्वाज ने बताया कि इसके अलावा पूरनपुर देहात और अन्य स्थानों पर भी हाईटेंशन बिजली लाइन के नीचे लोगों ने घर बना लिए हैं। उन्हें भी शीघ्र नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस की प्रति कोतवाली पुलिस को भी भेजी गई है।