महिला सिपाही को सड़क पर घूमते मिले बेजुबान को गोद दिलाता आकाश।
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। सर्दी में ठिठुर रहे इंसानों के बीच शहर के एक युवा ने बेजुबानों को राहत पहुंचाने के लिए मुहिम शुरू की है। वह सड़कों पर भूखे पेट ठिठुरने वाले गाय के बछड़ों और कुत्तों के बच्चों की मदद में उतर चुका है। सरकारी दफ्तरों में काम करने वाले हों या फिर संभ्रांत नागरिक सभी से संपर्क कर इन बेजुबानों को गोद दे रहा है। सर्दी से बचाने के लिए पुराने कपड़े और गत्तों को इकट्ठा कर उनका आशियाना बनाया है। सोशल मीडिया के जरिए अपने कुछ सहयोगियों को साथ लेकर दूसरों से भी सहयोग की अपील की है।
शहर के मोहल्ला फैजुल्लाखां निवासी आकाश सक्सेना पिछले काफी समय से गोवंश से जुड़े मामलों में मदद करते रहे हैं। सड़कों पर कई बार गायों के घायल होने पर इलाज दिलाने, नालों में फंसी गायों को निकलवाने में उनकी सक्रिय भूमिका रही। आकाश ने बताया कि सर्दी बढ़ रही है, ऐसे में सड़क पर रहने वाले कुत्ते के छोटे बच्चों और गाय के बछड़ों को बचाने के लिए लोगों से संपर्क करके उन्हें गोद दिला रहे हैं। कुछ महिला पुलिसकर्मी और संभ्रांत लोगों ने इसे अपनाया भी है। लोगों से पुराने गत्ते और पुआल लेकर वह बेजुबानों को सर्दी से बचाने का प्रयास कर रहे हैं।