पूरनपुर। गांव अमरैयाकलां में शुक्रवार हुए वैक्सीनेशन में भारी भीड़ उमड़ी। भीड़ में धक्का-मुक्की के साथ मारपीट की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई।
कोरोना वैक्सीन लगवाने को उमड़ने वाली भीड़ में धक्का-मुक्की की घटनाएं नहीं रुक रही है। शुक्रवार को विशेष अभियान में गांव अमरैयाकलां के प्राथमिक स्कूल में भी शिविर लगाया गया था। वैक्सीन लगवाने वालों की भीड़ उमड़ी। महिला और पुरुषों की अलग-अलग लाइनें लगी। पुरुषों की लाइन में पहले टीका लगवाने और कहीं वैक्सीन समाप्त होने पर टीकाकरण न हो पाए आदि को लेकर कई बार धक्का-मुक्की और हंगामा हुआ। विवाद पर लोगों में मारपीट शुरू हो गई। इस पर वैक्सीन लगवाने पहुंचे कर्मचारियों दहशत में आ गए। करीब एक घंटा तक वैक्सीनेशन बंद रहा। बाद में गांव के कुछ लोगों ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत कर वैक्सीनेशन शुरू कराया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वैक्सीनेशन के दौरान हुई मारपीट दूसरे दिन भी गांव के लोगों में चर्चा का विषय बनी रही। गांव के 250 लोगों को टीका लगाया गया। वैक्सीन समाप्त होने पर कई लोग टीका लगवाने से रह गए।
पहले टीका लगवाने को लोगों को जागरूक करना पड़ता था। तब भी भीड़ नहीं लगती थी लेकिन अब जागरूकता इतनी बढ़ गई है कि लोग वैक्सीनेशन के लिए भीड़ में धक्का मुक्की कर रहे हैं। इसलिए वैक्सीनेशन के समय पुलिस होना जरूरी है। पुलिस व्यवस्था को लेकर सीएमओ स्तर से एसपी को पत्राचार किए गए हैं। मैंने भी कई बार सीओ सहित अन्य अफसरों को पत्र भेजा। अगर मौके पर पुलिस रहे तो तब हंगामा, धक्का मुक्की नहीं होगी।
- डॉ. प्रेम सिंह राजपूत, प्रभारी चिकित्साधिकारी।