पीलीभीत। जिले में कोविड संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तैयारियों के साथ गांव और शहर में टीकाकरण अभियान में जुटा हुआ है। टीकाकरण को लेकर शासन से जारी हुई सूची में इस सप्ताह जिला मंडल में पहला और प्रदेश में छठे स्थान पर रहा है।
जिले में 16 जनवरी से टीकाकरण अभियान चल रहा है। पहले चरण में स्वास्थ्य और फ्रंटलाइन वर्करों को टीका लगाया गया था। इसके बाद अप्रैल से 45 साल से ऊपर वाले लोगों को टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया गया था। इसके बाद शासन ने 18 साल से अधिक उम्र वाले लोगों का टीकाकरण करने के लिए एक जून से मुहिम शुरू कर दी गई थी। लेकिन जिले में टीकाकरण अभियान रफ्तार नहीं पकड़ सका था। ऐसे में जिला प्रदेश में 29 वीं रैंक पर चल रहा था। इधर, टीकाकरण महाअभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग पूरे दमखम के साथ टीकाकरण करने के लिए टीम के साथ मैदान में उतर पड़ा और गांव-गांव और शहर में टीकाकरण के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाकर लोगों को टीके के प्रति जागरूक कर उन्हें टीका लगवाया। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जिले में अब 3,56,905 लोगों को वैक्सीनेशन कराया जा चुका है। मंगलवार को शासन से प्रदेश की जारी हुई टीकाकरण की सूची में जिला 29 वें स्थान से छठे नंबर पर पहुंच गया है। तो वहीं बरेली मंडल में पहले स्थान पर है। जबकि प्रदेश में बरेली 17 वें स्थान पर रहा है। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि टीकाकरण के लिए लगातार प्रयास जारी है। पूरी टीम की मदद से जिले को प्रदेश में छठा स्थान मिला है। आगे भी इसी तरह टीकाकरण को लेकर प्रयास जारी है। जल्द ही शत-प्रतिशत आबादी का टीकाकरण पूरा कराया जाएगा।
प्रदेश में जिलों की स्थिति
पीलीभीत - 6
बरेली -17
शाहजहांपुर- 46
बदायूं- 58