पीलीभीत। पीलीभीत-रिछा रोड पर जहानाबाद इलाके में किसी तेज रफ्तार वाहन ने एक बाइक को रौंद दिया। इसमें बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। पड़ोस के गांव से बाल कटवाने के बाद दोनों अपने घर लौट रहे थे।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम निजामडांडी निवासी सियाराम शर्मा ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब दस बजे उनका बेटा 30 वर्षीय मुकेश कुमार अपने तीन साल के पुत्र मयंक के बाल कटवाने पीलीभीत-रिछा रोड स्थित रम्पुरा मिश्र गांव गया था। वहां से लौटते समय ग्राम हैदरगंज और रम्पुरा मिश्र के बीच पुलिया पर उनकी बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें गंभीर चोटें आने से मुकेश और उनके बेटे मयंक की मौके पर मौत हो गई। उधर, से गुजर रहे राहगीरों ने हादसे की सूचना जहानाबाद पुलिस को दी। कुछ ही देर में इंस्पेक्टर नरेश कश्यप पुलिस टीम के साथ मौके पर जा पहुंचे। पुलिस के तलाशी लेने पर मुकेश की जेब में मोबाइल नंबर मिला, जिसके जरिए परिवार वालों को हादसे की सूचना दी। परिवार वाले मौके पर पहुंचे तो कोहराम मचने लगा। मुकेश की बाइक को टक्कर किस वाहन ने मारी इसका पता नहीं चल सका।
घर में कोहराम, गांव में सन्नाटा
पीलीभीत। मुकेश कुमार और उनके तीन साल के बेटे की मौत होने की खबर गांव पहुंची तो पूरा निजामडांडी मातम में डूब गया। दिनभर मुकेश के घर में कोहराम मचा रहा और गांव की गलियों में सुनसान रही। शुक्रवार को गांव के अधिकांश लोग काम पर नहीं गए।
पिता सियाराम ने बताया कि मुकेश कुमार की शादी छह साल पहले नीतू के साथ हुई थी। उनके तीन साल का बेटा मयंक था, जो हादसे का शिकार हो गया।। मुकेश की पत्नी गर्भवती है। शुक्रवार सुबह मुकेश के साथ जाते समय मयंक अपनी मां नीतू और बाबा सियाराम से बाय-बाय करके पिता मुकेश के साथ घर से निकला था। इसके बाद मुकेश और मयंक तो नहीं लौटे, उनके मरने की बुरी खबर घर पहुंच गई।
शुक्रवार सुबह हादसे की खबर घर पहुंची तो परिजन और ग्रामीण दुर्घटना स्थल की और दौड़ गए। कुछ ही देर में यह खबर पूरे गांव में फैल गई, जिसे सुनकर लोग सन्न रह गए। मुकेश की पत्नी और मयंक की मां नीतू बदहवास हो गई। नीतू और परिवार के अन्य लोगों को पड़ोसी ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहे थे। शुक्रवार को दिनभर निजामडांडी गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा। पोस्टमार्टम के बाद शाम को मुकेश और मयंक के शव घर लाए गए। पिता-पुत्र के शव एक साथ देख मौके पर मौजूद कोई व्यक्ति अपने आंसू नहीं राक सका।
सड़क हादसे में दो लोगों की मौत की सूचना मिलने पर जहानाबाद पुलिस मौके पर गई थी। परिजन की ओर से शाम तक कोई तहरीर नहीं दी गई। हादसा करने वाले वाहन की तलाश कराई जा रही है।- सुनील कुमार, सीओ सदर