उर्स मेले की तैयारियों के तहत कमेटी सदस्य मेला ग्राउंड में दुकानों के लिए स्थान आवंटित करते हुए
न्यूरिया। हजरत मखदूम अली शाह मियां रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह पर 109वां उर्स-ए-पाक सोमवार से शुरू होगा। पांच दिवसीय उर्स 24 अप्रैल तक चलेगा।
मेले में दुकानें लगना शुरू हो गई हैं। उर्स को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दरगाह परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। दूर-दराज इलाकों से अकीदतमंदों का आना शुरू हो चुका है, जिससे कस्बे में रौनक बढ़ गई है। बाहर काम करने गए स्थानीय लोग भी उर्स में शामिल होने के लिए घर लौट रहे हैं। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया है। उर्स के दौरान कव्वाली की महफिलों में सूफियाना कलाम गूंजेंगे। अकीदतमंद चादरपोशी के साथ लंगर भी वितरित करेंगे।
रविवार को थानाध्यक्ष सुभाष मावी और कस्बा इंचार्ज अरविंद कुमार ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नगर पंचायत अध्यक्ष रिहाना बेगम के निर्देश पर साफ-सफाई को लेकर विशेष अभियान चलाया गया है, ताकि जायरीनों को किसी तरह की असुविधा न हो। दरगाह के मुतावल्ली डॉ. अकबर हुसैन ने बताया कि जायरीन पहुंचने लगे हैं। संवाद