पीलीभीत। झांसी में एसएनसीयू वार्ड में बच्चों की जलकर हुई मौत की घटना के बाद शनिवार को जिला प्रशासन भी जागा। डीएम के निर्देश पर अफसरों ने जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल और सभी सीएचसी पर आग से बचाव के इंतजामों की पड़ताल की। अग्निशमन विभाग ने निजी अस्पतालों की व्यवस्थाओं को परखा। सामने आया कि जिले में 108 पंजीकृत अस्पताल हैं, जिसमें एनओसी सिर्फ 55 पर है।
सीएमओ डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि जिले में पंजीकृत अस्पतालों की संख्या करीब 108 है। इसमें पैथोलॉजी और अन्य केंद्र भी शामिल हैं। हालांकि विभाग का यह आंकड़ा गले से नीचे नहीं उतरा, क्योंकि 50 से अधिक अस्पताल और पैथोलाॅजी तो शहर में ही संचालित हो रही हैं। रही बात करें फायर एनओसी की तो मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह ने बताया कि 55 अस्पतालों के पास ही फायर एनओसी हैं।
इधर, सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने शनिवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। यहां आग से बचाव के उपकरण तो मिले, लेकिन स्वास्थ्यकर्मी इन्हें चला नहीं सके। इसपर सिटी मजिस्ट्रेट ने स्टॉफ को प्रशिक्षण दिलाए जाने के लिए कहा।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि अस्पताल में एक फायर अलार्म खराब मिला, साथ ही हेल्पलाइन नंबर लिखवाने के लिए कहा गया। बताया कि तीन निजी अस्पतालों का निरीक्षण भी किया गया। वहीं मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह ने शहर और अन्य कस्बों के करीब 15 निजी अस्पतालों के फायर इंतजामों की पड़ताल की। कई जगहों पर कमियां मिलीं। जिन्हें दूर करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने परखे आग से बचाव के इंतजाम
बिलसंडा। एसडीएम बीसलपुर नागेंद्र पांडेय ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की पड़ताल की। आग से बचाव के इंतजामों की जांच की। शनिवार की एसडीएम ने बिलसंडा सीएचसी और ईंटगांव पीएचसी पहुंचकर अस्पताल में लगे फायर सिलिंडर की गुणवत्ता और उसकी समयावधि को चेक किया गया। मानक के अनुरूप कितने सिलिंडर लगे हैं और किस -किस स्थान पर स्थापित हैं, इसकी जानकारी ली। जिम्मेदारों को जरूरी निर्देश दिए। संवाद
गभिया सहराई पीएचसी में कम मिले फायर सिलिंडर
कलीनगर। एसडीएम देवेंद्र सिंह ने सीएचसी माधोटांडा में आग से बचाव के इंतजाम जांचें। यहां व्यवस्थाएं ठीक मिलीं। सीमावर्ती गांव गभिया सहराई के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में फायर सिलिंडर कम मिले। जिम्मेदारों को निर्धरित क्षमता के सापेक्ष उपकरणों की व्यवस्था करने के लिए कहा। वाटर हाईड्रेंट लगाने के भी निर्देश दिए। जमुनिया पीएचसी में भी फायर सिलिंडर कम मिले। एसडीएम ने तीन निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया। एक अस्पताल में फायर सिलिंडर एक्सपायर मिला। संवाद
कमियां मिलने पर अवध अस्पताल सील
अमरिया। झांसी के प्रकरण को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी मंयक गोस्वामी ने सीएचसी अधीक्षक डाॅक्टर अनिकेत के साथ सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में निरीक्षण किया। मानक के विपरीत चल रहे तीन अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब मांगा। कस्बे के अवध अस्पताल में अनियमितताएं पाए जाने पर सील करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। संवाद
बरखेड़ा सीएचसी के अग्निशमन उपकरणों की भी जांच
बरखेड़ा। एसडीएम बीसलपुर नागेंद्र पांडेय ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा के अग्निशमन उपकरणों की जांच की। बीसलपुर अग्निशन केंद्र प्रभारी नत्थू लाल मिश्रा भी साथ रहे। अस्पताल में लगे सभी फायर सिलिंडर दुरुस्त मिले। बरखेड़ा सीएचसी पर सात छोटे और चार बड़े फायर सिलिंडर लगे हैं। संवाद
पूरनपुर के कई अस्पतालों में दुरुस्त नहीं मिले अग्निशमन यंत्र
पूरनपुर। एसडीएम अजीत प्रताप सिंह व सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आलमगीर ने नगर के कई अस्पतालों मेेंं आग से बचाव के इंतजाम परखे। कई अस्पतालों में अग्निशमन यंत्र ठीक नहीं मिले। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आलमगीर ने बताया कि नगर के कुछ बड़े अस्पतालों में तो अग्निशमन यंत्र दुरुस्त मिले, लेकिन छोटे अधिकांश छोटे अस्पतालों में यंत्र ठीक नहीं मिले। कुछ जगह फायर सिलिंडर भी नहीं मिले। ऐसे लापरवाह अस्पताल संचालकों को तीन दिन में अग्निशमन यंत्रों को दुरुस्त करने के लिए कहा गया है। संवाद
बिलसंडा सीएचसी में लगे फायर सिलेंडर को चेक करते एसडीएम नागेंद्र पांडेय।संवाद
बिलसंडा सीएचसी में लगे फायर सिलेंडर को चेक करते एसडीएम नागेंद्र पांडेय।संवाद