पीलीभीत। शहर में स्थित सैनेटरी गोदाम में शुक्रवार रात दरवाजा तोड़कर घुसे चोरों ने लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना सीसीटीवी में भी रिकॉर्ड हुई है, हालांकि आरोपियों के चेहरे स्पष्ट नहीं दिख रहे। करीबी पर ही चोरी का शक जताया जा रहा है।
मोहल्ला पूरनमल निवासी उमेश चंद्र अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी जाटों वाले चौराहे के निकट उमेश चंद्र एंड ब्रदर्स के नाम से दुकान है। उसके पास ही गली में सैनेटरी का गोदाम भी है। शुक्रवार रात गोदाम का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे चोर यहां रखी मोटर, पानी की टोटी, समरसेबल समेत कई लाख रुपये का सामान समेट ले गए।
शनिवार सुबह गोदाम पर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इसमें एक ट्रैक्टर और कार दिखाई की गतिविधियां कैद हुई। लोगों के चेहरे साफ दिखाई नहीं दे रहे थे। पीड़ित ने किसी करीबी के घटना में शामिल होने की आशंका जताई है। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से घटना के खुलासे के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच में भाइयों में आपसी विवाद की बात भी सामने आई है।