सूबे के सिंचाई मंत्री बोले, गोमती का जल आचमन योग्य बनाया जाएगा
- प्रेसवार्ता में बोले, अब प्रदेश में किसानों की सरकार
प्रदेश के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा है कि गोमती उद्गम स्थल का उद्धार कराया जाएगा। उसके जल को आचमन के योग्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश किसानों की सरकार आई है।
लोनिवि के अतिथि गृह में पत्रकारों से वार्ता के दौरान सिंचाई मंत्री ने कहा कि पहले एक कसाई की मौत पर सरकार ने लाखों रुपये अनुदान और सरकारी आवास दिया। अब किसानों की सरकार है। इसलिए कैबिनेट की पहली बैठक ने प्रदेश के गरीब किसानों का करोड़ों रुपये का कर्ज माफ किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश का सर्वांगीण विकास होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में प्रदेश सरकार समाज के अंतिम छोर पर रहने वाले दबे कुचले व्यक्ति को न्याय व विकास का लाभ दिलाने के प्रति संकल्प है। उन्होंने कहा कि जिले में शारदा सागर डैम में विकास के नाम पर लंबा घोटाला बताया जाता है। उसकी जांच होगी। सिंचाई विभाग की जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराकर पौधरोपण कराया जाएगा। इससे पूर्व उन्होंने डीएम और एसपी की बैठक लेकर जिले में कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने की हिदायत दी। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने गेहूं खरीद केंद्रों को सभी सुविधाओं से युक्त कर तत्काल शुरू कराने के आदेश दिए। यह भी कहा कि हर थाने में एंटी रोमियो टीम का अलग से गठन किया जाए। विधायकों को आदेश दिया कि वह गेहूं खरीद केंद्रों का निरीक्षण करें। बोले किसानों की तरक्की से ही प्रदेश व देश में खुशहाली आएगी। उनके यहां पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश गंगवार, विधायक संजय सिंह गंगवार, विधायक किशन लाल राजपूत, विधायक बाबूराम पासवान, जिला उपाध्यक्ष धीरेंद्र मिश्र, विजय गंगवार, मनोज पटेल आदि ने उनसे भेंट कर स्वागत किया।