- शहर विधायक के ज्ञापन पर सिंचाई मंत्री ने दिया आश्वासन
- चार चरण में बनी परियोजना को टेकभनीकल मिल चुकी स्वीकृति
जिले के देवहा नदी किनारे बसे गांवों और खखरा नदी की बाढ़ व कटान से ग्राम चंदोई व पीलीभीत शहर को बचाने के लिए 112 करोड़ रुपये की चार परियोजना बाढ़ खंड ने तैयार की है। पूर्व में शासन को भेजी गई इन चारों परियोजनाओं को टेक्नीकल स्वीकृत भी मिल चुकी है। शहर विधायक संजय गंगवार ने यहां पहुंचे सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह को ज्ञापन सौंपकर इन परियोजनाओं की धनराशि आवंटित कराने की मांग की है। सिंचाई मंत्री ने विधायक को इन परियोजनाओं के लिए शीघ्र ही धनराशि स्वीकृत किए जाने का आश्वासन दिया है।
शहर विधायक संजय गंगवार ने सिंचाई मंत्री को ज्ञापन सौंपकर बताया कि शारदा सागर खंड में देवहा, बैगुल नहर प्रणाली की क्षमता पुर्नस्थापना, अप्सरा नदी पर पौटा रेगूलेटर एवं क्योलडिय़ा रेगूलेटर के मध्य क्यूनेट कार्य, दियूनी बैराज के अपस्ट्रीम में बाढ़ कटाव व निरोधक कार्य सिंचाई परियोजनाओं के तहत कराए जाएं। शहर विधानसभा क्षेत्र में देवहा नदी के किनारे बसे ग्राम प्यास, गौटिया आदि को बाढ़ कटाव से बचाव हेतु 16 अदद जीईओ बैग स्पर निर्माण परियोजना के लिए धन दिलाया जाए। शहर विधायक ने बताया कि बाढ़ खंड द्वारा इसके लिए करीब 112 करोड़ रुपये की परियोजना बना कर शासन को पूर्व में भेजी गई थी, जिसे टेक्नीकल टीम से स्वीकृति मिल चुकी है। धनराशि आवंटन मात्र शेष है। सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने शहर विधायक को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को शीघ्र पूरा कराया जाएगा। इस मौके पर विधायक के प्रतिनिधि विजय सिंह गंगवार भी मौजूद रहे।