गोमती उद्गम स्थल पर गोमती महोत्सव में कार्यक्रम प्रस्तुत करते कलाकार।संवाद
कलीनगर। गोमती उद्गम स्थल पर पांच दिवसीय गोमती महोत्सव का बृहस्पतिवार को दीप प्रज्ज्वलन के साथ भव्य आगाज हुआ। पहले दिन विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सुंदर रंगोली बनाई। शाम को शुरू हुए श्री रामलीला मंचन में वृंदावन के कलाकारों की प्रस्तुति ने मन मोह लिया। देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ लीला मंचन देखने के लिए जुटी रही।
कार्तिक पूर्णिमा पर होने वाले गोमती महोत्सव की कई दिन पहले से तैयारियां चल रहीं थीं। परिसर, झीलों के क्षेत्र के अलावा अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया गया। बृहस्पतिवार शाम पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गुरभाग सिंह उद्गम स्थल पर पहुंचे और दीप प्रज्ज्वलन करने के बाद आरती में शामिल हुए। इसके बाद बृज लोककला फाउंडेशन ग्रुप मथुरा वृंदावन के कलाकारों ने प्रस्तुति दी।
महोत्सव को लेकर माधोटांडा समेत आसपास के लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। पहले दिन बड़ी संख्या में लोग उद्गम स्थल पहुंचे। देर शाम श्री रामलीला मंचन शुरू हुआ जो देर रात तक चला। इस दौरान पूरनपुर एसडीएम राजेश कुमार, कलीनगर एसडीएम देवेंद्र सिंह, तहसीलदार हबीब उर रहमान आदि मौजूूद रहे।
मेला आज, तैयारियां पूरी
कार्तिक पूर्णिमा पर शुक्रवार को गोमती उद्गम स्थल पर विशाल मेला का आयोजन किया जाएगा। मेले में लगने वाली दुकानों, स्टैंड समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पूर्व में ट्रस्ट की ओर से बैठक की गई थी। शुक्रवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। गंगा स्नान को लेकर श्रद्धालु गोमती उद्गम स्थल की झील में आचमन और पूजन करेंगे।