जरूरतमंद ग्राहक कम वजन के खरीद रहे आभूषण, बिक्री हुई नाममात्र, गिफ्ट पैक सामान भी हुआ बंद, सराफा बाजार में सन्नाटा
पीलीभीत। सोना-चांदी के दामों में लगातार हो रही वृद्धि से कारोबार पर गहरा असर पड़ा है। 80 प्रतिशत तक कारोबार में गिरावट बताई जा रही है। इससे व्यापारी काफी प्रभावित हैं। जरूरतमंद लोग कम बजट के आभूषण ही खरीदने पहुंच रहे हैं। इससे खरीद नाममात्र की रह गई है। मौजूदा समय में सराफा बाजार में सन्नाटा है।
सोने और चांदी की कीमतों का असर सराफा बाजार पर साफ दिखाई देने लगा है। महंगाई और कीमती धातुओं के बढ़ते दामों के कारण बाजार में कारोबार बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। जहां पहले शादी-विवाह और त्योहारों के मौसम में दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रहती थी। अब बाजारों में सन्नाटा पसरा है। व्यापारी भी खरीद भारी गिरावट से चिंतित हैं। सर्राफा व्यापारियों का कहना है कि सोना-चांदी के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के कारण आम ग्राहक खरीदारी से बच रहा है। पहले लोग भारी आभूषण खरीदना पसंद करते थे, लेकिन ग्राहक हल्के वजन के गहनों की ओर रुख कर रहे हैं। खासकर महिलाओं में छोटे डिजाइन वाले मंगलसूत्र, अंगूठी, कान की बाली और हल्की चेन की मांग बढ़ी है।
एक सप्ताह में पांच हजार रुपये की हो चुकी बढ़ोत्तरी
जिले में करीब 800 सराफा कारोबारी है। शहर में करीब 300 कारोबारी है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह के अंदर करीब पांच हजार रुपये से अधिक सोना-चांदी के कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। आम आदमी की पहुंच से काफी दूर होता जा रहा है। मौजूदा समय में सोना 1.52 हजार और चांदी 2.71 हजार रुपये किलो बिक रही है। आलम यह है कि व्यापार करीब 80 प्रतिशत तक कम हो गया है। संवाद
-
बाजार में आ रहे कम ग्राहक
सोना-चांदी के मूल्योें में लगातार इजाफा हो रहा है। पूरा सराफा बाजार सन्नाटे में है। ग्राहक नाममात्र के ही बाजार में पहुंच रहे हैं। व्यापार प्रभावित होने से वह लोग भी संकट में है।
- शैली अग्रवाल,व्यापारी।
-
व्यापार पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। पहले जहां लोग बच्चों के कंधनी, छोटी बच्चियों के पायल सहित महिलाएं बदले में सामान लिया करती थीं। इस समय वह भी नहीं पहुंच रहे हैं।
- अमन अग्रवाल, व्यापारी।
सराफा की दुकान पर बैठा व्यापारी। संवाद- फोटो : 1
सराफा की दुकान पर बैठा व्यापारी। संवाद- फोटो : 1