पीलीभीत। अफसरों के निरीक्षण और निर्देशों के बाद भी रोडवेज बस स्टैंड की व्यवस्थाओं में कुछ खास सुधार नहीं हुआ है। अधिकारियों के आदेश अनदेखी की भेंट चढ़ गए। डिपो के जिम्मेदार सही से साफ-सफाई भी नहीं करा पा रहे हैं।
शहर के रोडवेज बस अड्डे की अव्यवस्थाओं को लेकर अमर उजाला ने बुधवार को खबर प्रकाशित की थी। खबर का संज्ञान लेते हुए एडीएम ऋतु पूनिया, सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, एआरटीओ वीरेंद्र सिंह और सदर एसडीएम आशुतोष गुप्ता ने बस अड्डे पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जांच की।
कमियां मिलने पर एडीएम ने एआरएम से नाराजगी जताते हुए जल्द सुधार के निर्देश दिए थे। अफसरों के निरीक्षण के बाद तो एआरएम ने बस अड्डा परिसर की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में सुधार की खानापूरी की। यात्रियों के बैठने के स्थान की धुलाई तो करा दी गई, लेकिन अन्य कार्य पूरे नहीं किए जा सके।
यात्री शेड के पास लगी एलसीडी अब तक बंद पड़ी है। दीवारों में जाला लटकता दिखता है। व्हीलचेयर भी अपने पुराने स्थान पर ही धूल फांक रही है। टिकट काउंटर को भी जिम्मेदार अब तक नहीं खुलवा सके।
सफाई के नाम पर फैलाई जा रही गंदगी
बस अड्डा परिसर में गंदगी देख एडीएम ऋतु पूनिया ने एआरएम से नाराजगी जताई थी। इसकेे बाद भी सफाई व्यवस्था चौपट है। सफाई के बाद एकत्र किया गया कूड़ा बसों के नीचे ढकेला जा रहा है। गंदगी से मच्छर पनप रहे हैं। संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना है। वहीं डिपो परिसर में कई जगहों पर गंदा पानी जमा है।
दुरुस्त नहीं हो सका सरकारी दस्तावेजों का रखरखाव
पीलीभीत डिपो से संबंधित विभागीय दस्तावेजों का रखरखाव भी सही नहीं है। दस्तावेजों को कबाड़ की तरह भरा गया है। अफसरों के निरीक्षण के बाद जिम्मेदारों ने वहां एक साइड से तिरपाल तो लगा दिया, लेकिन विभागीय सरकारी दस्तावेजोंं को व्यवस्थित ढंग से नहीं रखा गया। कबाड़ की तरह एक के ऊपर एक बंडल लादे जा रहे हैं।
कर्मचारियों के लिए नहीं लग सके पंखे
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं रखी थीं। काउंटर के बाहर बैठने वाले कर्मचारियों ने पंखा लगवाने की बात कही। इस पर एडीएम ने एएआरएम से पंखा लगवाने का निर्देश दिया। इसके बाद भी जिम्मेदारों ने कर्मचारियों के लिए पंखे का प्रबंध नहीं कराया।
बस अड्डे की अव्यवस्थाओं की पड़ताल कराई जाएगी। यात्री सुविधाओं में सुधार न होने पर संबंधित के खिलाफ भी कार्रवाई भी कराई जाएगी।- संजय कुमार सिंह, डीएम
शहर के रोडवेज बस स्टैंड पर बंद पड़ी एलईडी।संवाद- फोटो : फाइल फोटो
शहर के रोडवेज बस स्टैंड पर बंद पड़ी एलईडी।संवाद- फोटो : फाइल फोटो
शहर के रोडवेज बस स्टैंड पर बंद पड़ी एलईडी।संवाद- फोटो : फाइल फोटो
शहर के रोडवेज बस स्टैंड पर बंद पड़ी एलईडी।संवाद- फोटो : फाइल फोटो