बिलसंडा (पीलीभीत)। सोशल मीडिया पर जान-पहचान के बाद आरोपी ने कस्बा निवासी युवती को बरेली मिलने के लिए बुलाया। शादी का झांसा देकर उसे एक धार्मिक स्थल पर ले गया और साथियों के साथ दुष्कर्म किया। आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया। युवती की तहरीर पर टालमटोल कर रही बिलसंडा पुलिस ने आजाद समाज पार्टी के धरना प्रदर्शन की चेतावनी के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कस्बा निवासी एक युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि इंस्ट्राग्राम पर उसकी पहचान बरेली के शीशगढ़ निवासी वासुदेव उर्फ शगुन से हो गई। वह एक-दूसरे से फोन पर बात करने लगे। आरोप है कि वासुदेव ने उसे विश्वास में लेकर 31 दिसंबर 2023 को सेटेलाइट बस अड्डा बरेली पर बुलाया।
वह वासुदेव से मिलने पहुंची तो वहां उसका दोस्त अर्जुन और एक अन्य व्यक्ति भी था। युवती ने बताया कि आरोपी युवक उसे बहला-फुसलाकर एक धार्मिक स्थल पर ले गए। जहां उसे एक कमरे में रखा। शादी का झांसा देकर सामूहिक दुष्कर्म किया। उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली।
बाद में उसकी इंस्टाग्राम आईडी को हैक कर आपत्तिजनक मैसेज भेजकर उसे बदनाम किया। परेशान होकर उसने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में युवती ने आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों से गुहार लगाई।
इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि सीओ के आदेश पर आरोपी वासुदेव उर्फ शगुन, अर्जुन और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद