शहर में चल रहे गणेश चौथ मेले में धार्मिक भावनाओं को आहत कर अश्लील डांस चल रहा है। वैरायटी शो के नाम पर चल रहे कार्यक्रमों में दर्शकों को आकर्षित करने के लिए बालाएं नृत्य कर रही हैं लेकिन आयोजन को लेकर पहले से ही विवादों में घिरी कमेटी और प्रशासन अंजान बना हुआ है।
गणेश चौथ मेला आयोजन कमेटी में विवाद के बाद प्रशासन की पहल पर सात सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। उद्घाटन को लेकर हुई फजीहत के बाद सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर स्वयंभू पदाधिकारी ने सभी सदस्यों को जिम्मेदारियां बांट दी हैं, लेकिन यह भी दिखावा ही साबित हो रहा है। मुख्य आयोजक की ओर से मेले में खेल तमाशे एवं अन्य आयोजनों के साथ ही वैरायटी शो भी लगवाया गया है। इसमें चल रहे अश्लील डांस से मेले के धार्मिक स्वरूप को ठेस लग रही है। यह स्थिति तब है जब आयोजन समिति में नगर पालिका परिषद के चेयरमैन, एक कॉलेज के एमडी और श्रीराम लीला कमेटी के अध्यक्ष समेत कई जिम्मेदार लोग शामिल हैं। पहले विवाद और बाद में आयोजन समिति की आपसी खींचतान के चलते पांच दिन बाद भी मेले से रौनक गायब है वहीं धार्मिक आस्थाओं से जुड़े मेले में अश्लील डांस कराया जा रहा है। बृहस्पतिवार को शाम सात बजे से रात 11 बजे तक पांच शो में बालाओं ने डांस किया जबकि इस बीच कमेटी के अलावा मेला मजिस्ट्रेट अरुणमणि त्रिपाठी, एसपी मुनिराज, सीओ सिटी निर्मल बिष्ट, मेला चौकी प्रभारी इंद्रजीत सिंह भदौरिया आदि का आना भी हुआ।