धूमधाम से निकाली गई विसर्जन यात्रा, मटकी फोड़ प्रतियोगिता में रही भीड़
श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव के उपलक्ष्य में नगर में विसर्जन यात्रा निकाली गई। गणपति बप्पा के भजनों पर नाचते, थिरकते जलाशय पहुंचे, भक्तों ने पूरे जोश के साथ विसर्जन किया।
विश्व हिन्दू परिषद के तत्वाधान में रामजानकी सत्संग भवन में पूजा अर्चना के बाद दोपहर को शोभायात्रा निकाली गई। उसमें झांकियां रही। भक्त अबीर गुलाल की होली खेलते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। भजनों पर नाचते थिरकते गणपति बप्पा मारेया...मंगलमूर्ति मोरया के जयकारे लगाते रहे। कई स्थानों पर यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। खास बात रही कि इस दौरान अलग अलग स्थानों पर 30 मटकियां ऊंचाई पर लगाई गई। जिनको भक्तों ने फोड़ा। युवाओं ने इस मटकी फोड़ प्रतियोगिता में काफी जोश के साथ प्रतिभाग किया। इस दौरान सीओ सदर योगेंद्र कुमार, सीओ बीसलपुर प्रवीण मलिक, एसओ चंद्रप्रकाश शुक्ला, भारी पुलिस बल और पीएसी के साथ सुरक्षा की कमान संभालने में जुटे रहे। खन्नौत नदी में पहुंचकर गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस मौके पर राजीव मिश्रा, नवनीत मिश्रा, निखिल, प्रेम, राजा अवस्थी, सुरेश अवस्थी, रजत आदि मौजूद रहे। विसर्जन के बाद आयोजित किए गए भंडारे में भी सैकड़ों की संख्या में भीड़ उमड़ी।