पीलीभीत। डीएम के निर्देश पर नए साल के पहले शनिवार और रविवार से जिला अस्पताल में निजी डॉक्टरों की निशुल्क ओपीडी शुरू कराई जाएगी। शहर के ही नहीं बरेली के निजी डॉक्टर भी मरीजों को निशुल्क देखेंगे। इस दौरान किसी भी मरीज से कोई फीस नहीं वसूली जाएगी।
जिला अस्पताल में बनी आयुष विंग में अब शनिवार और रविवार को रेडक्रास की ओर से ओपीडी शुरू कराई जाएगी। गरीब और असहाय मरीजों को बेहतर इलाज देने के लिए इसकी शुरुआत कराई गई है। नए साल के पहले सप्ताह में इसका आरंभ किया जा रहा है। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि रेडक्रास सोसायटी की ओर से इसे शुरू कराया जा रहा है। शनिवार को बरेली के निजी अस्पताल के डॉ. निशांत कुमार और पूरनपुर सीएचसी के डॉ. कमाल सफदर मौजूद रहेंगे। यह दोनों आर्थोपेडिक स्पेशलिस्ट हैं। रविवार को शहर के निजी अस्पताल संचालक और आईएमए अध्यक्ष डॉ. तरुन सेठी, डॉ. दीपक गंगवार, डॉ. परमजीत कौर और डॉ. विद्या गोखले ओपीडी करेंगी। जो महिला और बच्चों से संबंधित बीमारियों का इलाज करेंगी। इस दौरान किसी भी मरीज से कोई फीस नहीं ली जाएगी। सलाह के साथ ही रेड क्रास की ओर से ही दवा मुहैया कराई जाएगी।