पीलीभीत। शहर के चार स्थानों पर हुईं चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय चोरों के गैंग के दो सदस्यों को एसओजी व कोतवाली पुलिस ने पकड़ा है। आरोपियों के पास पुलिस ने नकदी, चोरी की बाइक और मोबाइल फोन के अलावा जेवरात भी बरामद किए हैं।
पुलिस लाइन सभागार में सीओ सदर आईपीएस नताशा गोयल ने घटनाओं का खुलासा करते हुए बताया कि कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने एक सूचना के आधार पर दो युवकों के पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सलमान हुसैन, विशालुद्दीन बताया। दोनों आरोपी उत्तराखंड के जिला ऊधमसिंहनगर के खटीमा स्थित इस्लामनगर के बताए गए हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पीलीभीत और उत्तराखंड में कई चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपियों ने दो माह पहले सितारगंज उत्तराखंड से मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके बाद 25 जून को ग्राम चंदोई निवासी इकबाल हुसैन के घर से चोरी की थी। छह सितंबर को विश्वनाथपुरम कॉलोनी निवासी तसवीर सिंह के घर से नकदी-जेवरात चोरी किए थे। पांच जुलाई को पिंक सिटी कॉलोनी के किराए के मकान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
इसके अलावा थाना सुनगढ़ी क्षेत्र में वसुंधरा कॉलोनी निवासी प्रो. दुष्यंत कुमार के घर के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 85 हजार रुपये की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, चोरी के मोबाइल फोन और बाइक को बरामद किया है।