हरिद्वार से जल लेकर गौरीशंकर मंदिर जा रहे थे कांवड़िये
पीलीभीत। शहर में रोडवेज के पास मंगलवार सुबह ई-रिक्शा की टक्कर से हरिद्वार से जल लेकर गौरीशंकर मंदिर जा रहे चार कांवड़िये घायल हो गए। हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से भागने लगा। कांवड़ियों ने पीछा कर उसे नौगवां चौराहे के पास पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाल लिया।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव बरहा निवासी प्रेम तिवारी, सुखसागर लाल तिवारी, मुस्कान तिवारी और आकाश तिवारी अपने साथी कांवड़ियों व परिवार के लोगों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर शहर के गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे थे। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे रोडवेज के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा ने कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में चारों घायल हो गए। कांवड़ियों ने हादसे में कांवड़ खंडित होने का भी आरोप लगाया। घायलों को नौगवां चौराहे के पास स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया।
मामले की सूचना मिलते ही सुनगढ़ी इंस्पेक्टर नरेश त्यागी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा और कोतवाल प्रमेंद्र सिंह भी पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ई-रिक्शा चालक को पकड़कर थाने ले गई। पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल कांवड़ियों का हालचाल भी लिया।
सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि हादसे में दो लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। दुर्घटना करने वाले ई-रिक्शा चालक को पकड़ लिया गया है। मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। संवाद