पीलीभीत। फर्जी दस्तावेज से नौकरी हथियाने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद वह वन दरोगा अपने आवास से लापता हो गया। डीएफओ ने उसको नोटिस जारी किया है।
जिला फिरोजाबाद के गांव लालबाग राजनगर के रहने वाले प्रकाशवीर की 20 जुलाई 2013 में वन रक्षक के पद पर तैनाती हुई थी। पदोन्नति के बाद दरोगा बनने पर उसकी तैनाती टाइगर रिजर्व की माला रेंज में हुई। उसकी ओर से नौकरी के लिए लगाए शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जब जांच हुई तो हाईस्कूल और इंटर के अंकपत्र फर्जी पाए गए।
इसपर प्रशासनिक अधिकारी श्रीराम ने सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। मुकदमा दर्ज होने के बाद जब पड़ताल की गई तो वह अपने सरकारी आवास पर नहीं मिला। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि कर्मचारी को नोटिस जारी किया गया है। पुलिस जांच में जो सामने आएगा उसके आधार पर विभागीय कार्रवाई होगी।