ग्राम बहादुरपुर हुक्मी में दूसरा कैमरा लगाते बन बिभाग की टीम स्रोत्र ग्रामीण
बरखेड़ा। बहादुरपुर हुकमी गांव में तेंदुए की दहशत के बीच वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। तेंदुए की लोकेशन और गतिविधियों की निगरानी के लिए एक-एक और कैमरा लगाया गया है।
गांव के निवर्तमान प्रधान अमित गंगवार ने बताया कि मंगलवार रात करीब नौ बजे तेंदुए ने एक बार फिर गांव के भीतर घुसकर एक कुत्ते को अपना शिकार बनाया। ग्रामीणों ने तेंदुए को देखा, जिसके बाद उन्होंने तत्काल वन विभाग को इस घटना की सूचना दी। तेंदुए के डर से ग्रामीणों ने सुरक्षा के लिए समूह बनाकर ही आवश्यक कार्यों के लिए बाहर निकलना शुरू किया है।
खासकर देवहा नदी से सटे खेतों में काम करने वाले किसान अपनी जान जोखिम में डालने को तैयार नहीं हैं। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग की टीम और वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया के फील्ड अधिकारी रुस्तम और अरुण गांव पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर लगे कैमरों की जांच की। फील्ड अधिकारियों ने कैमरों की चिप निकालकर उनका अध्ययन किया, हालांकि फिलहाल कैमरों में तेंदुए की कोई स्पष्ट तस्वीर कैद नहीं हुई है।
वन क्षेत्राधिकारी रोहित जोशी ने बताया कि जांच के दौरान वर्तमान कैमरों में तेंदुए की मौजूदगी दर्ज नहीं हुई है, लेकिन विभाग ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। एहतियात के तौर पर गांव में निगरानी के लिए एक और अतिरिक्त कैमरा लगा दिया गया है, ताकि तेंदुए की हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।