संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर तैनात होंगे 18 स्टेटिक मजिस्ट्रेट
जिले में होने वाली हाईस्कूल-इंटर बोर्ड परीक्षाओं को लेकर प्रशासन ने भी तैयारी पूरी कर ली है। जिले के 88 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली परीक्षा को लेकर पांच जोनल मजिस्ट्रेट और 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट को जिम्मेदारी सौंपी गई।
जिले में 16 मार्च से बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने जा रही है। परीक्षाएं शांतिपूर्ण व नकलविहीन वातावरण में संपन्न हो, इसको लेकर डीएम मासूम अली सरवर ने चिन्हित 15 संवेदनशील और तीन अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा की समाप्ति पर संबंधित जोनल मजिस्ट्रेट को सूचना देंगे। सभी 88 परीक्षा केंद्रों को पांच जोन व 15 सेक्टरों में बांटा गया है। तहसील पीलीभीत के लिए एसडीएम सदर जेपी चौहान, बीसलपुर के लिए एसडीएम ब्रजपाल सिंह, पूरनपुर के लिए एसडीएम श्रृद्धा शाण्डिल्यान, अमरिया के लिए एसडीएम पुष्पा देवरार और कलीनगर के लिए एसडीएम जितेंद्र बहादुर सिंह को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इसके अलावा 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। डीएम ने बताया कि जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट संबंधित परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक पाली में कम से कम दो बार निरीक्षण करेंगे।
तीन परीक्षा केंद्र अतिसंवेदनशील की श्रेणी में
जिले के 88 परीक्षा केंद्रों में तीन परीक्षा केंद्रों को अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र की श्रेणी में रखा गया है। इसमें शारदा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कबीरगंज, सेवाराम नत्थूलाल इंटर कॉलेज जोगराजपुर और लालबहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज चंदिया हजारा शामिल है। इन सभी पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
बोर्ड उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण कल से
यूपी बोर्ड परीक्षा के तहत उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण छह मार्च से शुरू होगा। डीआईओएस अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में छह मार्च से आठ मार्च तक सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि छह मार्च को पूरनपुर व कलीनगर तहसील, सात को बीसलपुर व आठ मार्च को सदर व अमरिया तहसील के परीक्षा केंद्रों की उत्तर पुस्तिकाएं वितरित की जाएगी। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यो/केंद्र व्यवस्थापकों को निर्धारित तिथि पर उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं।
बोर्ड परीक्षा को लेकर बैठक नौ को
पीलीभीत। यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों के जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों और केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक डीएम मासूम अली सरवर की अध्यक्षता में नौ मार्च को गांधी सभागार में सायं पांच बजे होगी। यह जानकारी डीआईओएस अनिल कुमार मिश्र ने दी।