कोच की भी तैनाती नहीं, खेल प्रतिभाओं को नहीं मिल रहा मुकाम
पूरनपुर। खेलो इंडिया के तहत इंडोर गेम के खिलाड़ियों के लिए आठ करोड़ रुपये की लागत से बने मल्टीपरपज हॉल में लोकार्पण के पांच साल बाद भी खेलकूद की गतिविधियां शुरू नहीं कराई जा सकीं। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने को अब तक प्रशिक्षक (कोच) की तैनाती नहीं हो सकी। कबड्डी, कुश्ती के लिए हाॅल में मैट और कुछ अन्य खेल सामग्री मिली है। खिलाड़ियों के नाम पर आसपास गांवों के कुछ विद्यार्थी कभी-कभार खेलने को पहुंच रहे हैं।
युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल की ओर से खेलो इंडिया के तहत नगर से करीब तीन किलोमीटर दूर गांव सिमरिया ताल्लुके महाराजपुर में इंडोर गेम खिलाड़ियों के लिए मल्टीपरपज हाॅल का निर्माण आठ करोड़ रुपये की लागत से कराया गया था। हाॅल का निर्माण पूरा होने के बाद करीब पांच साल पहले इसका पूर्व सांसद वरुण गांधी ने लोकार्पण भी किया। तब खिलाड़ियों को लगा कि अब प्रशिक्षण लेकर अपनी प्रतिभा भी निखारने का मौका उन लोगों को मिलेगा, लेकिन लोकार्पण के पांच साल बाद भी हॉल में अब तक खेलकूद शुरू नहीं हो सके। इससे खिलाड़ियों में निराशा है।
हाॅल में इंडोर गेम बैडमिंटन, टेनिस, वॉलीबॉल, टेबिल टेनिस, कुश्ती, जूडो आदि खेल होंगे। इनके खिलाड़ियों को सीखने के लिए मौके भी मिलेंगे। संवाद
मल्टीपरपज हाॅल को पहुंचने का रास्ता नहीं, बाउंड्रीवाल के लिए हुई पैमाइश
मल्टीपरपज हाॅल तक पहुंचने के लिए रास्ता तक नहीं है। नगर से गांव मुजफ्फरनगर को जाने वाले रास्ते से एक खेत में घुसकर लोग हऍल तक पहुंचते है। इसके पास ही आईटीआई का भवन और वर्कशाप निर्माणाधीन है। आईटीआई भवन के समीप से चकरोड के रास्ते भी लोग हाॅल तक पहुंचते हैं। यह रास्ता आवागमन के लिए लंबा पड़ता है। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी छविराम सिंह ने बताया कि मल्टीपरपज हाॅल की बाउंड्रीवाल के निर्माण का प्रस्ताव कई बार भेजा गया। अब उसकी पैमाइश कराने के आदेश हुए। शनिवार को रास्जव, विकास विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश की।
केंद्रीय राज्य मंत्री आज मल्टी परपज हाॅल का करेंगे निरीक्षण
पूरनपुर। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद रविवार को गांव सिमरिया ताल्लुके महारजपुर मल्टी परपज हाॅल का अपराह्न तीन बजे पहुंचकर निरीक्षण करेंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री का निरीक्षण कार्यक्रम जारी हो गया। वह करीब आधा घंटे तक रुककर हाल देखेंगे।
वर्जन
मल्टीपरपज हाॅल में कोच की तैनाती की प्रक्रिया चल रही है। हाल तक पहुंचने को एक ओर से रास्ता है। दूसरी ओर से रास्ते की कोशिश की जा रही है। खेल हो रहे हैं। बैडमिंटन, कुश्ती, कबड्डी के पैड आदि खेल सामग्री भी है। बाउंड्रीवाल के लिए शनिवार को पैमाइश कराई गई है। बाउंड्रीबाल का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। स्वीकृत मिलने पर बाउंड्रीबाल भी कराई जाएगी।
- छविराम सिंह, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी