एक बालक को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लिए किया चिह्नित
पीलीभीत। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को पूरनपुर में बालश्रम के खिलाफ अभियान चलाया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी के सहयोग से श्रम प्रवर्तन अधिकारी अंजू अग्रवाल और अनुज कुमार के निर्देशन में संयुक्त टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर पांच बालकों को बालश्रम से मुक्त कराया।
टीम ने मेडिकल स्टोर, किराना स्टोर, कपड़ों की दुकान और स्टील वर्क्स समेत अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान चार प्रतिष्ठानों के सेवायोजकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए निरीक्षण किया। मुक्त कराए गए बालकों में से एक को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लिए चिह्नित किया गया। संयुक्त टीम ने सभी बालकों को वर्चुअल माध्यम से बाल कल्याण समिति पीलीभीत के समक्ष प्रस्तुत किया।
समिति ने बच्चों के परिजनों को भविष्य में उनसे बालश्रम न कराने की हिदायत दी। इसके बाद सभी बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी अनुज कुमार ने बताया कि बच्चों के परिजनों की पात्रता होने पर लेबर कार्ड बनवाकर उन्हें विभागीय योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा। संवाद