राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत अलीगढ़ भेजकर कराया गया निशुल्क उपचार
पीलीभीत। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए सहारा बन रहा है। इसी योजना के तहत बरखेड़ा ब्लॉक के गाजीपुर कुंडा निवासी 18 माह की राधिका को जन्मजात हृदय रोग का उपचार मिला। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के दौरान बीमारी की पहचान कर बच्ची को जेएन मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ रेफर किया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उसकी सफल सर्जरी की।
राधिका पुत्री अमर सिंह जन्म से ही हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण महंगे उपचार को लेकर परिजन चिंतित थे। इसी बीच आरबीएसके टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान बच्ची की बीमारी की पहचान की। स्वास्थ्य विभाग के प्रयास से बच्ची को समय पर विशेषज्ञ उपचार मिल सका, जिससे परिवार को उपचार के भारी खर्च की चिंता से राहत मिली है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीसी पंत ने बताया कि इलाज के बाद बच्ची अब स्वस्थ है। संवाद