पीलीभीत। दीपावली को लेकर रामलीला मैदान पर पटाखा बाजार सजना शुरू हो गया है। प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद दुकानदारों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मंगलवार को सारा दिन दुकानदार सामान सजाने में जुटे रहे। सदर तहसील क्षेत्र में 170 पटाखों की दुकानाें का लाइसेंस जारी किया गया है। शहर के रामलीला मैदान पर आतिशबाजी बेचने के लिए प्रशासन ने मंगलवार को लाइसेंस जारी किए। लाॅटरी सिस्टम से दुकानों का आवंटन किया गया।
रामलीला मैदान के लिए 170 दुकानदारों को लाइसेंस दिया गया है। लाइसेंस की अवधि मंगलवार से शुरू होकर छह दिन तक रहेगी। लाइसेंस मिलने के बाद मंगलवार दोपहर बाद से ही पटाखा विक्रेताओं ने दुकानें लगाने का काम शुरू कर दिया।
000
खड़ा होगा फायर बिग्रेड का बड़ा वाहन
दीपावली पर पटाखा बाजार लगने को अग्निशमन विभाग की ओर से भी तैयारियां की गई हैं। सीएफओ अनुराग सिंह ने बताया कि शहर के रामलीला मैदान पर लगने वाले बाजार में सुरक्षा के लिहाज एक बड़े वाहन को आरक्षित किया गया है। वाहन को 24 घंटे खड़ा रखने के साथ फायरमैन को भी नजर रखने के लिए लगाया गया है। इसके अलावा एक बड़ा वाहन मुख्यालय पर रहेगा, जो जिले में घटनाओं की सूचना पर रवाना किया जाएगा।