गैस चौराहे पर सोमवार रात लकड़ी की दुकान में लगी आग।
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। गैस चौराहे के पास रात करीब 12 बजे एक लकड़ी की दुकान में भीषण आग लग गई। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर भीषण आग देखी, तो तत्काल दमकल को बुलाया। करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। अग्निकांड में एक लाख का नुकसान दुकान मालिक की तरफ बताया गया है।
मोहल्ला मदीनाशाह निवासी फईम उर्फ पप्पू ने बताया कि उनकी गैस चौराहे पर लकड़ी की दुकान है। जिसमें फर्नीचर तैयार किया जाता है। सोमवार शाम को रोजाना की तरह दुकान बंद करके चले गए। दुकान में रात 12 बजे अचानक आग लग गई। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर कांस्टेबिल राजू और समीर मौके पर पहुंचे, तो आग विकराल रूप ले चुकी थी। पुलिस कर्मियों ने तत्काल दमकल टीम को सूचना दी। दमकल टीम के सदस्यों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। तब तक दुकानदार का काफी सामान जल चुका था। गनीमत रही कि आग ने और दुकान को चपेट में नहीं लिया। इससे बड़ी घटना होने से बच गई। दुकानदार ने बताया कि अग्निकांड में एक लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। आग कैसे लगी इसकी जानकारी नहीं है।